विदेशिनी-6 - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

5 min read · 12.4K reads

छतें दहल जाती हैं
हिल जाती है ज़मीन
भीत देर तक थरथराती रहती है
कपड़े पसारने के लिए ताने गए
तार की तरह झनझनाती हुई

जब गुज़रते हैं उनके
उजड्ड अतृप्तियों के विमान
हमारे ऊपर से
हमारी हड्डियों में भर जाती है आँधी
सीटियाँ बजने लगती हैं

उन्हें नक़्क़ाशियाँ पसन्द हैं
उन्हेम फूल पसन्द हैं
वो दुबली-पतली चक्करदार गलियाँ
जिनमें
क़स्बे के बहुत से घरों की
भरी रहती हैं साँसें और राज़
जिनके बीचोबीच से होकर गुज़रती हैं
स्कार्फ़ बाँधे नन्हीं-नन्हीं बच्चियाँ
खिलखिलाती स्कूल जाती हुईं
उन्हें ये सब बेहद पसन्द है

जिन्हें वे पसन्द करते हैं
उन सब पर
वे बम बरसा देते हैं
वे उन्हें नष्ट कर देना चाहते हैं
कि उन सबको
कोई और पसन्द न कर सके
उन्हें ऐसा डर लगा ही रहता है

आख़िर
उनकी पसन्द का एक मतलब जो है

विदेशिनी,
इस तरह तो
मुझे मत पसन्द करना !
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like