साथ - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

5 min read · 12.4K reads

चाँद
तुम्हारी किरचें टूट टूटकर
बिखर रही हैं तारों की तरह
यह किस समुच्चय की तैयारी है

वह बावड़ी जिसके जल में
देखा था एक दिन हमने सपनों का अक्स
उस पर रात घिर आई स्थाई रंग लिए
रोज़ की ही तरह
हमारी खिलखिलाहट की चमक
गिरती रही चक्कर खाते हुए पत्ते की तरह उसी जल में

दरअस्ल
घरेलू आदतों से ऊब गई थी वह बदलना चाहती थी केंचुल
अपने समय में छूटती जाती साँस की-सी असमर्थता
से घबराना मेरा नियम बन गया था

अब हम
किसी मुक्ति की तलाश में भटकते संन्यासी थे

और एक दिन
उसने बदल दिया अपनी मोबाइल का वह रिंगटोन
जो मुझे प्रिय था
और रिबन बाँधना कर दिया शुरू जो उसे तो
कभी पसन्द नहीं था
मैं भी पहनने लगा चटख़ रंग के कपड़े जो आईने में
मुझ पर नहीं फबते रहे थे कभी
फिर भी

अचानक नहीं हुआ यह
कि
मैं किसी और के स्वप्न में रहने लगा हूँ
वह किसी और की आँखों में बस गई है

और हम
अपने बढ़ते हुए बच्चे के भविष्य में
अब भी साथ रहते रह रहे हैं ।
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like