समुद्री मछुवारों का गीत - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

4 min read · 12.4K reads

हमारी रोटी है समुद्र
हमारी पोथी है समुद्र
 
हमारे तन में जो मछलियाँ
समुद्र की हैं
हमारे जीवन में जो रंग विविध
समुद्र के हैं
 
धैर्य और नमक है
हमारे रक्त का रास्ता
 
हवा ओ हवा
कृतज्ञ हैं
विपरीत हो तब भी
 
आकाश ओ आकाश
कृतज्ञ हैं
छेड़े हो असहयोग तब भी
 
पानी ओ पानी
कृतज्ञ हैं
छलक रहे हो ज्यादा फिर भी
 
हवा का सब रंग देखा है
आकाश का देखा है रंग सब
पानी का सब रंग देखा है
 
मरी हुई मछली है हमारा सुख
 
सह लेंगे
मौसम का द्रोह
 
एक मोह का किनारा है हमारा
सजगता का सहारा है
रह लेंगे लहरों पर
हम अपनी साँसों के दम पर जिएँगे
जैसे जीते हैं सब
 
अपने भीतर के समुद्र का भरोसा है प्रबल।
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like