प्रतीक्षावादी का गीत - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

5 min read · 12.4K reads

एक दिन जब समुंदरों में नहीं बचेगा एक कतरा भी नमक
इस समय खुद पर गुजर रहे विकट क्षणों की एक एक खरोंच को
खुरच खुरच पुनः महसूस करूँगा रोऊँगा अथक विलाप करूँगा
और समुंदरों को आँसुओं से पाट दूँगा
ऐसे ही आपातकाल के मद्देनजर इन्हें खर्चता नहीं
 
एक दिन जब पृथ्वी पर गर्म हाथों की आहट को मशीनों की धड़धड़ाहट
से चुप करने का कार्यक्रम होगा सफलता के अतिनिकट
चिल्लाऊँगा अछोर चीखूँगा
और असह्य कष्टों को झेलते हुए बचाई गई चीख को मशीनों पर दे मारूँगा
ऐसे ही आपातकाल के मद्देनजर फिलहाल चुप हूँ
 
एक दिन जब विकट शांति होगी
नदियों के बहने और हवा के चलने तक की नहीं होगी आवाज
उछलूँगा कूदूँगा पगला जाऊँगा और
जिंदा रहने के सारे नियम अनुशासन तोड़ डालूँगा
ऐसे ही आपातकाल के मद्देनजर मूर्खता की हद तक शालीन हूँ अभी
 
एक दिन जब दिन में रात हो जाएगी अचानक
और कुछ संभव नहीं होगा अधिक
खुद को
आग को सौंप दूँगा रोशनी करूँगा भरसक
ऐसे ही आपातकाल के मद्देनजर बना पड़ा हूँ अभी ठूँठ।
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like