अन्तरण - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

3 min read · 12.4K reads

तुम्हें छूते हुए
मेरी उँगलियाँ
भय की गरिमा से भींग जाती हैं

कि तुम
एक बच्चे का खिलौना हो
तुम्हारा स्पर्श
जबकि लपेट लेता है मुझे जैसे कुम्हड़े की वर्तिका
लेकिन तुम्हारी आँखों में जो नया आकाश है इतना शालीन
कि मेरे प्रतिबिम्ब की भी आहट
भंग कर सकती है तुम्हारी आत्म-लीनता
कि तुम्हारा वजूद
दूध की गन्ध है
एक माँ के सम्पूर्ण गौरव के साथ
अपनाती हो
तो मेरा प्रेम

बिलकुल तुम्हारी तरह हो जाता है
ममतामय ।
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like