कंकरीला मैदान - केदारनाथ अग्रवाल

केदारनाथ अग्रवालकेदारनाथ अग्रवाल1 Sept 1911 – 22 Sept 2000

4 min read · 12.4K reads

कंकरीला मैदान
ज्ञान की तरह जठर-जड़
 लम्बा चौड़ा
गत वैभव की विकल याद में-
बडी दूर तक चला गया है गुमसुम खोया।
जहाँ-तहाँ कुछ कुछ दूरी पर,
उसके उँपर,
पतले से पतले डंठल के नाजुक बिरवे
थर-थर हिलते हुए हवा में खड़े हुए
बेहद पीड़ित।
हर बिरवे पर मुँदरी जैसा एक फूल है
अनुपम, मनोहर,
हर एसी मनहर मुंदरी को
मीनों नें चंचल आँखों से
नीले सागर के रेशम के रश्मि तार से,
हर पत्ती पर बड़े चाव से--बड़ी जतन से--
अपने अपने प्रेमीजन को देने के खातिर काढ़ा था
सदियों पहले।
किंतु नहीं वे प्रेमी आये
और मछलियाँ सूख गयी हैं--कंकड़ हैं अब।
आह! जहाँ मीनों का घर था
वहाँ बड़ा मैदान हो गया॥
केदारनाथ अग्रवाल
About the poet

केदारनाथ अग्रवाल

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like