अभिमान की सज़ा - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

13 min read · 12.4K reads

लो सुनो बालको मुझसे एक कहानी
सम्राट एक था वीर मगर अभिमानी
ताक़त थी उसकी जग में जानी-मानी
मिट गया, लड़ाई जिसने उससे ठानी ।

दानी था ख़ाली हाथ न लौटा कोई
न्यायी था फरियादी हो चाहे कोई
रातों को भेस बदलकर वो फिरता था
दिनों का दुखियों का संकट हरता था ।

लेकिन यदि उसको क्रोध कभी आ जाता
तो जानो जैसे प्रलय वहां मच जाता
पत्ते-सी प्रजा काँप उठती थी थर-थर
दानी राजा बन जाता सिंह भयंकर ।

ग़ुस्से में राजा अन्धा हो जाता था
जो पड़े सामने उसे फाड़ खाता था
उसके विवेक पर पर्दा पड़ जाता था
वो उचित और अनुचित न समझ पाता था ।

इस और भूप का अहंकार था भारी
उस और नियति करती थी कुछ तैयारी
कवि शंकर भी थे उसी राज्य के वासी
कविता थी जिनके चरण-कमल की दासी ।

शंकर सचमुच शंकर थे अवतारी थे
कीचड़ में रह पंकज से अविकारी थे
दुनिया की ले-दे से ऊबे रहते थे
वो अपने भावों में डूबे रहते थे ।

पर नृप का मन्त्री शंकर से जलता था
उसके प्राणों में एक नाग पलता था
कवि शंकर का यश दूर-दूर फैला था
लेकिन मन्त्री राघव का मन मैला था ।

हे देव आपका यश दुनिया मैं छाया
कवियों ने उसको दूर-दूर पहुँचाया
लेकिन कवि शंकर ऐसा अभिमानी है
सो शब्द न लिखने की उसने ठानी है ।

मन्त्री के बातें सुन राजा गुर्राया
फ़ौरन शंकर को पकड़ वहाँ मंगवाया
शंकर बोले कवि नहीं किसी से डरता
प्रभु की दुनिया में होकर अभय विचरता ।

मैं वही लिखूँगा जो मन में आएगा
आज्ञा पर मुझसे नहीं लिखा जाएगा
आपका बदन पर ही मेरे शासन है
लेकिन कविता तो मन का अनुशासन है ।

राजा कब सह सकता था हुकुमअदूली
वो गरज उठा लगवा दो इसको सूली
इसकी गर्दन में फन्दा कस जाएगा
तब तो ये पागल मेरे गान गाएगा ।

चढ़ गया उछल कवि फाँसी के तख़्ते पर
झाँका तक डर का भाव न उस चेहरे पर
ले लिए प्राण राजा ने, हत्यारे ने
सर नहीं झुकाया जनता के प्यारे ने ।

फिर कवि शंकर के घर की हुई तलाशी
तब हाथ लगी पुस्तक अपूर्ण कविता की
जिसमें शासक का जयजयकार भरा था
विक्रम जैसा उसका चरित्र उभरा था ।

एकाध कमी की भी उसमें चर्चा थी
पर मुख्य रूप से आदर की वर्षा थी
राजा को उसमें था महान बतलाया
कवि ने जी भरकर था उसका गुण गाया ।

पागल-सा राजा लगा हाथ अब मलने
पछतावे की भट्ठी में लगा पिघलने
जब दुःख की ज्वाला नहीं सहन कर पाया
सब छोड़-छाड़ जोगी का भेस बनाया ।

साधारण जन सा लगा घूमने-फिरने
साधारण जन का दुःख निवारण करने
यदि किसी बात पर क्रोध कभी आता था
वो सदा स्वयं को ही दुख पहुँचाता था ।

औरों को देव समझता ख़ुद को कीड़ा
अन्यों को सुख पहुँचाता ख़ुद को पीड़ा
यूँ बना देवता वो शासक अभिमानी
अब कहो बालको, कैसी लगी कहानी ?

1967
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like