दाँत और ब्लेड - कमल जीत चौधरी

kamal Jeeti Chaudhrayकमल जीत चौधरी13 Aug 1980

4 min read · 12.4K reads

 १

दाँत सिर्फ़
शेर और भेड़िए के ही
नहीं होते

चूहे और गिलहरी
के भी होते हैं

ब्लेड सिर्फ़
तुम्हारे पास ही
नहीं हैं

मिस्त्री और
नाई के पास भी हैं

२

तुम्हारे रक्त सने
दाँतों को देख
मैंने नमक खाना
छोड़ दिया है

मैं दाँतों का मुक़ाबला
दाँतों से करूँगा

तुम्हारे हाथों में
ब्लेड देख
मेरे ख़ून का लोहा
खुरदरापन छोड़ चुका
   
मैं धार का मुक़ाबला
धार से करूँगा

३
    
बोलो तो सही
तुम्हारी दहाड़ ममिया जाएगी

मैं दाँत के साथ
दाँत बनकर
तुम्हारे मुँह में निकल चुका हूँ

डालो तो सही
अपनी जेब में हाथ
मैं अन्दर बैठा
ब्लेड बन चुका हूँ
kamal Jeeti Chaudhray
About the poet

kamal Jeeti Chaudhray कमल जीत चौधरी

कमल जीत चौधरी नई पीढ़ी के कवि-लेखक। एक कविता-संग्रह 'हिंदी का नमक' शीर्षक से प्रकाशित हो चुकी है। Kamal Jeet Choudhary is a new generation poet-writer. A collection of poems titled 'Hindi Ka Namak' has been published.

View profile & all 9 Poems / Stories