घर फूटे गलियारे निकले - कैलाश गौतम

कैलाश गौतमकैलाश गौतम8 Sept 1944 – 9 Sept 2006

3 min read · 12.4K reads

घर फूटे गलियारे निकले आँगन ग़ायब हो गया
शासन और प्रशासन में अनुशासन ग़ायब हो गया।

त्यौहारों का गला दबाया
बदसूरत महँगाई ने
आँख मिचोली हँसी-ठिठोली
छीना है तन्हाई ने
फागुन ग़ायब हुआ हमारा सावन ग़ायब हो गया ।


शहरों ने कुछ टुकड़े फेंके
गाँव अभागे दौड़ पड़े
रंगों की परिभाषा पढ़ने
कच्चे धागे दौड़ पड़े

चूसा खून मशीनों ने अपनापन ग़ायब हो गया ।

नींद हमारी खोई-खोई
गीत हमारे रूठे हैं
रिश्ते नाते बर्तन जैसे
घर में टूटे-फूटे हैं

आँख भरी है गोकुल की वृंदावन ग़ायब हो गया ।
कैलाश गौतम
About the poet

कैलाश गौतम

View profile & all 53 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like