कोई हिस्सेदारी नहीं - जेन्नी शबनम

जेन्नी शबनमजेन्नी शबनम16 Sept 1966

4 min read · 12.4K reads


मेरे सारे तर्क
कैसे एक बार में
एक झटके से
खारिज़ कर देते हो
और कहते कि
तुम्हें समझ नहीं,
जाने कैसे
अर्थहीन हो जाता है
मेरा जीवन
जबकि परस्पर
हर हिस्सेदारी बराबर होती है,
सपने देखना
और जीना
साथ ही तो शुरू हुआ
रास्ते के हर पड़ाव भी साथ मिले
साथ ही हर तूफ़ान को झेला
जब भी हौसले पस्त हुए
एक दूसरे को सहारा दिया,
अब ऐसा क्यों
कि मेरी सारी साझेदारी बोझ बन गई
मैं एक नाकाम
जिसे न कोई शऊर है
न तमीज़
जिसका होना
तुम्हारे लिए
शायद जिंदगी की सबसे बड़ी भूल है,
बहरहाल
जिंदगी है
सपने हैं
शिकवे हैं
पंख है
परवाज़ है
मगर अब
हमारे बीच
कोई हिस्सेदारी नहीं !

(अप्रैल 21, 2012)
जेन्नी शबनम
About the poet

जेन्नी शबनम

जन्म : १६नवम्बर, १९६६ को भागलपुर, बिहार में शिक्षा : एम.ए, एल एल.बी, पी एच. डी व्यवसाय: अधिवक्ता, समाज सेवा संप्रति: कोषाध्यक्ष, अंगिका डेवलपमेंट सोसाइटी, बिहार, सचिव, वी.भी.कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन, भागलपुर, बिहार अधिवक्ता, नई दिल्ली।

View profile & all 56 Poems / Stories