जाने कहाँ गई वो लड़की - जेन्नी शबनम

जेन्नी शबनमजेन्नी शबनम16 Sept 1966

5 min read · 12.4K reads


सफ़ेद झालर वाली फ्राक पहने
जिसपे लाल लाल फूल सजे,
उछलती-कूदती
जाने कहाँ गई वो लड़की !
बकरी का पगहा[1] थामे
खेतों के डरेर[2] पर भागती,
जाने क्या-क्या सपने बुनती
एक अलग दुनिया उसकी !
भक्तराज को भकराज कहती
क्योंकि क-त संयुक्त में क दीखता है,
उसके अपने तर्क
अज़ब जिद्दी लड़की !
बात बनाती खूब
पालथी लगा कर बैठती,
कलम दवात से लिखती रहती
निराली दुनिया उसकी !
एक रोज़ सुना शहर चली गई
गाँव की ख़ुशबू साथ ले गई,
उसके सपने उसकी दुनिया
कहीं खो गई लड़की !
साँकल की आवाज़
किवाड़ी की चरचराहट,
जानती हूँ वो नहीं
पर इंतज़ार रहता अब भी !
शायद किसी रोज़ धमक पड़े
रस्सी कूदती-कूदती,
दही-भात खाने को मचल पड़े
वो चुलबुली लड़की !
जाने कहाँ गई
वो मानिनी मतवाली,
शायद शहर के पत्थरों में चुन दी गई
उछलती-कूदती वो लड़की !

(नवम्बर 14, 2011)
जेन्नी शबनम
About the poet

जेन्नी शबनम

जन्म : १६नवम्बर, १९६६ को भागलपुर, बिहार में शिक्षा : एम.ए, एल एल.बी, पी एच. डी व्यवसाय: अधिवक्ता, समाज सेवा संप्रति: कोषाध्यक्ष, अंगिका डेवलपमेंट सोसाइटी, बिहार, सचिव, वी.भी.कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन, भागलपुर, बिहार अधिवक्ता, नई दिल्ली।

View profile & all 56 Poems / Stories