अकेले से लगे तुम - जेन्नी शबनम

जेन्नी शबनमजेन्नी शबनम16 Sept 1966

4 min read · 12.4K reads


आज जाते हुए
बहुत असहाय से दिखे तुम
कन्धों पर भारी बोझ
कुछ अपना
कुछ परायों का,
इस जद्दोज़ेहद में
अपना औचित्य बनाए रखने का
तुम्हारा अथक प्रयास
हर विफलता के बाद भी
स्वयं को साबित करने की
तुम्हारी दृढ आकांक्षा,
साजिशों को विफल करने के प्रयास में
ख़ुद साजिश में उलझते
आज बहुत अकेले से लगे तुम,
तुमको कटघरे में देखना
दुर्भाग्य पूर्ण है
पर सदैव तुम कटघरे में खड़े कर दिए जाते हो
उन सब के लिए
जो तुम्हारे हिसाब से जायज़ था,
जिसे तुम अपने पक्ष में मानते हो
वो ही तुम्हारे खिलाफ़ गवाही देते हैं
और सबूत भी रचते हैं,
सही गलत का निर्धारण
जाने कौन करे
परमात्मा आज कल
सबके साथ नहीं
कम से कम उनके तो बिल्कुल नहीं
जो तुम्हारी तरह आम हैं !

(फरवरी 16, 2012)
जेन्नी शबनम
About the poet

जेन्नी शबनम

जन्म : १६नवम्बर, १९६६ को भागलपुर, बिहार में शिक्षा : एम.ए, एल एल.बी, पी एच. डी व्यवसाय: अधिवक्ता, समाज सेवा संप्रति: कोषाध्यक्ष, अंगिका डेवलपमेंट सोसाइटी, बिहार, सचिव, वी.भी.कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन, भागलपुर, बिहार अधिवक्ता, नई दिल्ली।

View profile & all 56 Poems / Stories