कौन मरा - जे० स्वामीनाथन

जे० स्वामीनाथनजे० स्वामीनाथन21 Sept 1928

4 min read · 12.4K reads

वह आग देखते हो आप
सामने वह जो खड्ड में पुल बन रहा है
अरे, नीचे नाले में वह जो टरक ज़ोर मार रहा था
पार जाने के लिए
ठीक उसकी सीध में
जहाँ वह बेतहाशा दौड़ती, कलाबाज़ियाँ खाती
सर धुनती नदिया
गिरिगंगा में जा भिड़ी है
वहीं किनारे पर है हमारे गाँव का शमशान
ऊपर पुडग में या पार जंगल के पास
मास्टर के गाँव में
या फिर ढाक के ये जो दस-बीस घर टिके हैं

या अपने ही इस चमरौते में
जब कोई मानुस खत्म हो जाता है
तब हम लोग नगाड़े की चोट पर
उसे उठाते हुए
यहीं लाते हैं, आग के हवाले करते हैं
लेकिन महाराज
न कोई खबर न संदेसा
न घाटी में कहीं नगाड़े की गूँज
सुसरी मौत की-सी इस चुप्पी में
यह आग कैसे जल रही है ।
जे० स्वामीनाथन
About the poet

जे० स्वामीनाथन

View profile & all 8 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like