बूढ़ा बरगद - जया पाठक श्रीनिवासन

जया पाठक श्रीनिवासनजया पाठक श्रीनिवासन14 Sept 1977

6 min read · 12.4K reads

यह पूरा गाँव
इस बूढ़े बरगद पर बसा है
हजारों साल पहले
इस बरगद की जड़ों के आस पास
पत्थर का चबूतरा नहीं था
इसकी जड़ें तब आज़ाद थीं
तब यह बरगद झूमता था
अपनी बाहों में हज़ारों रंगीन कोंपलें भरकर
और उसके असीम आकाश जैसे तने को
सुहागिनें बाँध देतीं दुआओं की डोर से
सिन्दूर-रोली से सराबोर उसकी छाती तब
और हरिया जाती
 
रोज़ शाम
उसकी जड़ों के इर्द गिर्द
दीयों की एक टोली बैठती
और गाती इश्क से भरी रंगीन कव्वालियाँ
तब उसकी डालियाँ आकाश की ओर ऊपर उठ जातीं
और वह तैरने लगता
किसी दरवेश की तरह
अलौकिक प्रेम के नशे में
 
आज यह बूढ़ा बरगद
खड़ा है
खारे समुद्र के किनारे
उसकी उन्मुक्त जड़ों को
ज़िंदा ही चुनवा दिया गया था
चट्टानों पर लिखी विधि संहिताओं के बीच
 
समुद्र का खारापन नंगा करता है
पत्थरों के बीच फँसी जड़ों को
वह बरगद ज़मीन में गहरे धंसने की कोशिश में
और उथला होता जाता है
वह आज इस मैनग्रोव का
शरणार्थी है
 
समुन्दर और नमकीन होता जा रहा है
गलती जा रही हैं बरगद की जडें
एक दिन उसकी जड़ों पर पड़े पत्थरों के आलेख
सरक जायेंगे
धब्ब से गिर पड़ेगा यह सारा गाँव
समुन्दर के खारेपन में
जया पाठक श्रीनिवासन
About the poet

जया पाठक श्रीनिवासन

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like