बेशर्म आज़ाद आवारा औरतें - जया पाठक श्रीनिवासन

जया पाठक श्रीनिवासनजया पाठक श्रीनिवासन14 Sept 1977

4 min read · 12.4K reads

बेशर्म आज़ाद आवारा औरतें
चुनती हैं सबसे शोख रंग की लिपस्टिक
नहीं डरती अपने ही कूल्हों के मटकने से
दुपट्टों को फैशन एक्सेसरीज सा ओढ़ती हैं
खुद तय करती हैं अपने सौंदर्य के मानक
देखती हैं खुद को आईने में देखते हुए
 
बेशर्म आज़ाद आवारा औरतें
रोटियां बेल झट बच्चों के टिफ़िन पैक कर
निकल पड़ती हैं अपने उद्देश्य की ओर
जैसे पृथ्वी पर खेंचे सभी रास्ते
उसके अपने श्रम का मेहनताना हों
 
बेशर्म आज़ाद आवारा औरतें
प्रेम करती हैं - खुलकर
सपने देखती हैं - वैयक्तिक
हंसती हैं - ठठाकर
पढ़ती हैं - खबरें
प्रश्न उठाती हैं मुद्दों पर
 
बेशर्म आज़ाद आवारा औरतें
सहलाती हैं पृथ्वी को
जैसे वो उनकी बूढी माँ हो
देखती हैं आसमान की आँखों में
इतिहास की कराह
और जीती हैं इस तरह
मानो ये दुनिया उनकी अपनी हो !
जया पाठक श्रीनिवासन
About the poet

जया पाठक श्रीनिवासन

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like