तेज़ हवा के झोंके शब-भर टकराते हैं पेड़ों से

जानाँ मलिकजानाँ मलिक

1 min read · 12.4K reads

तेज़ हवा के झोंके शब-भर टकराते हैं पेड़ों से

कितने पत्ते आँसू बन कर गिरते हैं इन शाख़ों से

मैं भी तन्हा बैठी तेरी सोच में डूबी रहती हूँ

तुम भी बातें करते होगे अपने मिलने वालों से

किरनें बिस्तर तक आती हैं टूटे ख़्वाब उठाने को

अंदर के दुख कब छुपते हैं इन खिड़की के पर्दों से

दीवारों से उकताऊँ तो ध्यान बटाना पड़ता है

ख़ुश होती हूँ बातें कर के गली में खेलते बच्चों से

अलमारी के इक ख़ाने में याद किसी की रक्खी और

उस की चाबी लटका दी है आती-जाती साँसों से

जाने वाले जैसे जाते हैं वैसे कब आते हैं

आँखें वीराँ हो जाती हैं बातें करती रस्तों से

तेज़ हवा से टकराने में एक हुनर था कश्ती का

लोग तमाशा देख रहे थे बैठे दूर किनारों से

अब तो उस से मिल कर देखूँगी वो कैसा लगता है

फूलों सी ख़ुश्बू आती है 'जानाँ' जिस की बातों से

जानाँ मलिक
About the poet

जानाँ मलिक

View profile & all 34 Poems / Stories