तुम्हें याद होगा
तुम ने मुझे पिछले बरस ख़त में अप्रैल भेजा
जो मुझ तक पहुँचते पहुँचते अगस्त हो गया
लफ़्ज़ पीले पत्तों की तरह
फ़र्श पर बिखर गए
दिसम्बर की सर्द रातों में
मैं वा'दों के आतिश-दान पर
बैठी जागती रही
मेरी रगों में जमा हुआ दिसम्बर
आँखों से पिघल कर
बहता रहता है
इस बरस मुझे
ख़त में कुछ नहीं भेजना
कुछ भी नहीं
शायद अज़िय्यतों से भरी
शाख़ों पर
किसी वा'दे की कोंपल
फूट पड़े
मौसमों का क्या है कब बदल जाएँ
बे-ए'तिबार लहजों की तरह
वक़्त सब कुछ उलट पलट रहा है
शायद तुम्हारे लौटने तक
बहुत कुछ वैसा न रहे
जैसा तुम छोड़ गए थे
लोहे के जबड़े
मिट्टी के मल्बूस
को तार-तार करते जा रहे हैं
पुल जहाँ से तुम पार्क के किनारे
खड़े दिखाई देते थे
वो मंज़र मेट्रो बस ने निगल लिया है
सुम्बुल के पेड़ों की जगह शॉपिंग मॉल ले चुका है
और हाँ
वो फूलों वाली दुकान
जहाँ से हम बुके लेते थे
वहाँ फास्टफूड बन गया
दिल की जगह अंतड़ियों ने ले ली है
क्या कुछ और कैसे बदल जाता है








