मीठे जूते

इस्मत चुग़ताईइस्मत चुग़ताई21 Aug 1915 – 24 Oct 1991

4 min read · 12.5K reads

ये भाई बहनों को अजीब-अजीब तरीक़े से बेवक़ूफ़ बनाते हैं। भाई के हाथों निको बनने वाली बहन की रूदाद।

नन्हे भाई बिल्कुल नन्हे नहीं बल्कि सबसे ज़्यादा क़द-आवर और सिवाए आपा के सबसे बड़े हैं। नन्हे भाई आए दिन नित नए तरीक़ों से हम लोगों को उल्लू बनाया करते थे। एक दिन कहने लगे, “चमड़ा खाओगी?”

हमने कहा, “नहीं, थू! हम तो चमड़ा नहीं खाते।”

“मत खाओ!” ये कह कर चमड़े का एक टुकड़ा मुँह में रख लिया और मज़े-मज़े से खाने लगे।

अब तो हम बड़े चकराए। डरते-डरते ज़रा सा चमड़ा लेकर हमने ज़बान लगाई। अरे वाह, क्या मज़ेदार चमड़ा था, खट्टा-मीठा। हमने पूछा “कहाँ से लाए नन्हे भाई?”

उन्होंने बताया, “हमारा जूता पुराना हो गया था, वही काट डाला।”

झट हमने अपना जूता चखने की कोशिश की। आख़ थू! तौबा, मारे सड़ाँद के नाक उड़ गई।

“अरे बेवक़ूफ़ ये क्या कर रही हो? तुम्हारे जूते का चमड़ा अच्छा नहीं है और ये है बड़ा गंदा। आपा की जो नई गुरगाबी है ना, इसे काटो तो अंदर से मीठा-मीठा चमड़ा निकलेगा।” नन्हे भाई ने हमें राय दी।

और बस उस दिन से हमने गुरगाबी को गुलाब जामुन समझ कर ताड़ना शुरू कर दिया। देखते ही मुँह में पानी भर आता।

ईद का दिन था...

आपा अपनी हसीन और मह-जबीन गुरगाबी पहने, पाँयचे फड़काती, सिवय्याँ बाँट रही थीं। आपा ज़ुहर की नमाज़ पढ़ने जूँ-ही खड़ी हुईं, नन्हे मियाँ ने हमें इशारा किया।

“अब मौक़ा है, आपा नीयत तोड़ नहीं सकेंगी।”

“मगर काटें काहे से?” हमने पूछा...

“आपा की संदूक़ची से सलमा सितारा काटने की क़ैंची निकाल लाओ।”

हमने जूँ-ही गुरगाबी का भूरा मुलाइम चमड़ा काट कर अपने मुँह में रखा, हमारे सर पर झट चप्पलें पड़ीं। पहले तो आपा ने हमारी अच्छी तरह कुंदी की, फिर पूछा “ये क्या कर रही है?”

“खा रहे हैं।” हमने निहायत मिस्कीन सूरत बना कर बताया…

ये कहना था सारा घर हमारे पीछे हाथ धो कर पड़ गया। हमारी तिक्का-बोटी हो रही थी कि अब्बा मियाँ आ गए। मजिस्ट्रेट थे, फ़ौरन मुक़द्दमा मय मुजरिमा और मक़्तूल गुरगाबी के रोती पीटती आपा ने पेश किया। अब्बा मियाँ हैरान रह गए। उधर नन्हे भाई मारे हंसी के क़लाबाज़ियाँ खा रहे थे। अब्बा मियाँ निहायत ग़मगीं आवाज़ में बोले, “सच बताओ, जूता खा रही थी?”

“हाँ।” हमने रोते हुए इक़्बाल-ए-जुर्म किया।

“क्यों?”

“मीठा होता है।”

“जूता मीठा होता है?”

“हाँ।” हम फिर रेंके…

“ये क्या बक रही है बेगम?” उन्होंने फ़िक्रमंद हो कर अम्माँ की तरफ़ देखा।

अम्माँ मुँह बिसूर कर कहने लगीं। “या ख़ुदा एक तो लड़की ज़ात, दूसरे जूते खाने का चसका पड़ गया तो कौन क़बूलेगा।”

हमने लाख समझाने की कोशिश की कि भई चमड़ा सच में बहुत मीठा होता है। नन्हे भाई ने हमें एक दिन खिलाया था, मगर कौन सुनता था।

“झूटी है।” नन्हे भाई साफ़ मुकर गए।

बहुत दिनों तक ये मुअम्मा किसी की समझ में न आया। ख़ुद हमारी अक़्ल गुम थी कि नन्हे भाई के जूते का चमड़ा कैसा था जो इतना लज़ीज़ था।

और फिर एक दिन ख़ाला बी दूसरे शह्र से आईं। बक़चिया खोल कर उन्होंने पत्तों में लिपटा चमड़ा निकाला और सबको बाँटा। सबने मज़े-मज़े से खाया। हम कभी उन्हें देखते, कभी चमड़े के टुकड़े को। तब हमें मा’लूम हुआ कि जिसे हम चमड़ा समझते थे, वो आम का गूदा था। किसी ज़ालिम ने आम के गूदे को सुखा कर और लाल चमड़े की शक्ल की ये ना-हंजार मिठाई बना कर हमें जूते खिलवाए।

इस्मत चुग़ताई
About the poet

इस्मत चुग़ताई

उर्दू फ़िक्शन की बाग़ी ख़ातून “हमें इस बात को तस्लीम करने में ज़रा भी संकोच नहीं होना चाहिए कि इस्मत की शख़्सियत उर्दू अदब के लिए गर्व का कारण है। उन्होंने कुछ ऐसी पुरानी फ़सीलों में रख़्ने डाल दिए हैं कि जब तक वो खड़ी थीं कई रस्ते नज़रों से ओझल थे। इस कारनामे के…

View profile & all 12 Poems / Stories

More from इस्मत चुग़ताई

  1. लिहाफ़

    जब मैं जाड़ों में लिहाफ़ ओढ़ती हूँ, तो पास की दीवारों पर उसकी परछाईं हाथी की तरह झूमती हुई मालूम होती है और एक दम से मेरा दिमाग़ बीती हुई दुनिया के पर्दों में दौड़ने भागने लगता है। न जाने क्या कुछ याद आने लगता है।माफ़ कीजिएगा, मैं आपको ख़ुद अपने लिहाफ़ का रूमान-अंगेज़ ज़िक्र बताने नहीं जा रही हूँ। न लिहाफ़ से किसी क़िस्म का रूमान जोड़ा ही जा सकता है। मेरे ख़याल में कम्बल आराम देह सही, मगर उसकी परछाईं इतनी भयानक नहीं होती... जब लिहाफ़ की परछाईं दीवार पर डगमगा रही हो।

    12.6K reads
  2. अमर बेल

    बड़ी मुमानी का कफ़न भी मैला नहीं हुआ था कि सारे ख़ानदान को शुजाअ'त मामूँ की दूसरी शादी की फ़िक्र डसने लगी। उठत बैठते दुल्हन तलाश की जाने लगी। जब कभी खाने पीने से निमट कर बीवियाँ बेटियों की बरी या बेटियों का जहेज़ टाँकने बैठतीं तो मामूँ के लिए दुल्हन तजवीज़ की जाने लगती।“अरे अपनी कनीज़ फ़ातिमा कैसी रहेंगी।”

    12.5K reads
  3. चौथी का जोड़ा

    सहदरी के चौके पर आज फिर साफ़-सुथरी जाज़िम बिछी थी। टूटी-फूटी खपरैल की झिर्रियों में से धूप के आड़े तिरछे क़त्ले पूरे दालान में बिखरे हुए थे। महल्ले-टोले की औरतें ख़ामोश और सहमी हुई सी बैठी थीं। जैसे कोई बड़ी वारदात होने वाली हो। माँओं ने बच्चे छातियों से लगा लिए थे। कभी-कभी कोई मेहनती सा चिड़चिड़ा बच्चा रसद की कमी की दुहाई देकर चिल्ला उठता।“नाईं-नाईं मेरे लाल!”, दुबली पतली माँ उसे अपने घुटने पर लिटा कर यूँ हिलाती जैसे धान मिले चावल धूप में पटक रही हो। और फिर हुंकारे भर कर ख़ामोश हो जाता।

    12.5K reads
  4. जवानी

    जब लोहे के चने चब चुके तो ख़ुदा ख़ुदा कर के जवानी बुख़ार की तरह चढ़नी शुरू हुई। रग-रग से बहती आग का दरिया उमँड पड़ा। अल्हड़ चाल, नशे में ग़र्क़, शबाब में मस्त। मगर उसके साथ साथ कुल पाजामे इतने छोटे हो गए कि बालिश्त बालिश्त भर नेफ़ा डालने पर भी अटंगे ही रहे। ख़ैर उसका तो एक बेहतरीन ईलाज है कि कंधे ज़रा आगे ढलका कर ज़रा सा घुटनों में झोल दे दिया जाये। हाँ हाँ ज़रा चाल कंगारू से मिलने लगेगी।बाल हैं कि क़ाबू ही में नहीं। लटें फिसली पड़ती हैं। बाल बहे जाते और मांग? मांग तो ग़ायब! अगर माँ आठवीं रोज़ कड़वा तेल छोड़कर मेंढीयां न बांधीं तो ज़िंदगी अजीरन हो जाये। गो मुँह लिए कँगूरों के तबाक़ की तरह मुँडा मुँडा लगने लगता है। पर बालों से तो जान छूट जाती है। जैसे किसी ने सर घोट के बालों के वबाल ही से नजात दिला दी। न जाने ये मेमें फूले फूले बाल गर्दन पर छोड़ के कैसे जीती हैं। और पांव? पांव तो जैसे फावड़ा। क्या जल्दी जल्दी बढ़ रहा है! अगर ऐसी रफ़्तार से बढ़ा तो सिल बराबर हो जाएगा। अँगूठा जैसे कछुवे का सर!

    12.4K reads
  5. बिच्छू फूपी

    जब पहली बार मैंने उन्हें देखा तो वो रहमान भाई के पहले मंज़िले की खिड़की में बैठी लंबी-लंबी गालियाँ और कोसने दे रही थीं। ये खिड़की हमारे सहन में खुलती थी और कानूनन उसे बंद रखा जाता था क्योंकि पर्दे वाली बीबियों का सामना होने का डर था। रहमान भाई रंडियों के जमादार थे, कोई शादी ब्याह, ख़तना, बिस्मिल्लाह की रस्म होती, रहमान भाई औने-पौने उन रंडियों को बुला देते और ग़रीब के घर में भी वहीद जान, मुशतरी बाई और अनवरी कहरवा नाच जातीं।मगर महल्ले-टोले की लड़कियाँ-बालियाँ उनकी नज़र में अपनी सगी माँ-बहनें थीं। उनके छोटे भाई बुन्दू और गेंदा आए दिन ताक-झाँक के सिलसिले में सर फुटव्वल किया करते थे, वैसे रहमान भाई महल्ले की नज़रों में कोई अच्छी हैसियत नहीं रखते थे। उन्होंने अपनी बीवी की ज़िंदगी ही में अपनी साली से जोड़-तोड़ कर लिया था। उस यतीम साली का सिवाए उस बहन के और कोई मरा-जीता न था। बहन के हाँ पड़ी थी। उसके बच्चे पालती थी। बस दूध पिलाने की कसर थी। बाक़ी सारा गू-मूत वही करती थी।

    12.5K reads

More Poetry & Stories You May Like