जिद मछली की. - इला कुमार

इला कुमारइला कुमार1 Sept 1956

5 min read · 12.4K reads

समुद्र के रास्ते से आता है सूरज

सूर्य
जो उदित होता है सीना चीरकर
बादलों का
धप्प् से गिर जाता है सागर की गोद में

गोद भी कैसी
आर न पार कहीं ओर छोर दिखता नहीं

एक सुबह अल्ल्सबेरे जागी हुयी
छोटी सी मछली
मचल गई देखेगी वह
सूरज का आना
तकती रही रह रह कर

दुऽप्प....! दुऽप्प....! सतह से ऊपर
बार बार

जान नहीं पाई
कब और कैसे सूरज उग पड़ा

जिद मछली की
जरुर देखेगी वह जाना सूरज का
आख़िर
घूम फिरकर आएगा थककर
खुली खुली अगोरती बाहों में
सागर के

शाम की लाली तले एक बार फिर
दप्प से कूद गया सूरज
समंदर की अतल गहराइयों में
न जाने कितने कालखंडों से तैर रही है
वही मछली
दिग्भ्रमित
युग युगंतारों अतल तल को
अपने डैनों से कचोटती

क्या जान पायेगी कभी
ख़ुद ही है
वह सूरज और सागर भी

बादलों के पार स्थित
निर्द्वन्द आकाश में उद्भूत
अनन्य महाभाव भी
इला कुमार
About the poet

इला कुमार

View profile & all 32 Poems / Stories