कहीं नहीं होगा मेरा शिलालेख
न साँची में, न सारनाथ में
कहीं नहीं होगी मेरी समाधि
न सिकंदरा में, न सासाराम में
कहीं नहीं, कहीं नहीं रहूँगा मैं
नहीं होने के बाद
कहीं नहीं होगा कोई मक़बरा
चैत्य या स्तूप
न सहेत महेत में
न राजगीर में
सुबह-सुबह चहकने वाली
फ़ाख़्ता की तरह नहीं रहेगी मेरी आवाज़
दोपहर को तीतर की तरह
नहीं गूँजेगी मेरी बात
पहाड़ियों में
सीढ़ीदार धान के खेत
और खड्ड में
धौलाधार के सफ़ेद धार में
कहीं नहीं, कहीं नहीं
होगी मेरी कोई गूँज
पहाड़ी पर खलिहान में अकेले खड़े
विशाल चीड़ की तरह
गिरा दूँगा मैं अपनी सुइयाँ
कोई नहीं देखेगा वहाँ
मेरी हरी छाँह
कोई नहीं सुनेगा वहाँ
मेरी ठंडी हवा
चारों तरफ़ की पहाड़ियाँ
बीच में खड़ा अकेला पेड़
किसी किताब में
किसी कविता में
ज़िक्र नहीं होगा
कोई फ़िल्म नहीं बनाएगा
मेरे सौंदर्य की
कालू द बड़
और रमज़ान बड़
जाने वाली पगडंडियाँ
ऐसी ही पड़ी रहेंगी घास पर
पेट उघारे
ऐसे ही लेटी रहेंगी
मैली चादर की तरह
मैं उन पर चल नहीं रहा होऊँगा
वह दिन मैं भोग रहा हूँ
जब मैं कहीं नहीं हूँ
बादलों में
धारों में
खड्ड
और टीबों में
खेतों और पगडंडियों में
पक्षियों की चहचह में
मैं कहीं नहीं हूँ
वह दिन मैं देख रहा हूँ।








