जाड़े की है रात
हवा दिसंबर की
घना कोहरा
सुनसान सड़क
फ़ुटपाथ पर छटपटाती पत्तियाँ सूखी
चली जा रही है बस जैसे रोती हुई
कंडक्टर बैठा है चुपचाप पीछे
कोई नहीं मुसाफ़िर
सुनसान घर कंडक्टर का
गंदी बस्ती में
सुनसान है उसका प्रेम
सुनसान उसकी रोटी
सुनसान उसकी पत्नी
सुनसान उसका बच्चा
सुनसान है उसका अतीत
चुपचाप बैठा वह पीछे
जैसे कविता की किताब में
निरीह विराम-चिह्न
पहिए के नीचे आए पिल्ले-सा
पड़ा है वह इस दुनिया के गड्ढे में
टिकट फाड़ता है जैसे
सीना फाड़ रहा हो
मुर्दनी है पूरी बस में
कोहरे-भरे शीत में
ठिठुरता भी नहीं वह
जाड़े की रात
अकेला बैठा है।
जैसे जमा हुआ पानी
कीचड़ पर तैर गया हो
कंडक्टर भाई! उठो!
अकेले तुम नहीं हो
कम से कम ड्राइवर को तो
अपना समझो
व्यस्त हैं जिसके हाथ
ख़ाली नहीं है जिसका मन
अकेले नहीं रहागे तुम
इस आँधी-पानी में
तुम सारे दिन चलते रहे
पर गए कहीं नहीं
तुम जीवन-भर दौड़े
पर रहे वहीं के वहीं
हम क्या करें
कि तुम मुस्कुराओ
क्या करें कि तुम्हारी
बच्ची स्कूल जाए
क्या करें! क्या करें हम!
कि तुम्हारी पत्नी
खीर पकाए
क्या करें हम
कि तुम लड़ो नहीं घर जाकर
हम क्या करें
कि ऑफ़ के दिन
तुम पिक्चर जाओ
परिवार के साथ।








