दूर अँधेरे की ओट में सिमटी बैठी
जलावतन कविता
आहट महसूस करती है
चाँदनी का लिबास पहन लेती है
अपने ही जिस्म में उग आए
ओस कणों पर सवार होकर
सपनों से अक्षर अर्पित कर देती है
उन लड़कियों को
जो कविता की जलावतनी की उम्र में
अपनी पलकों में
कविता के आँसू पिरो रही हैं
—कुछ लड़कियाँ कविता कह रही हैं।
वैसे
अभी मन की दीवारों पर उगे
बहुत वटवृक्ष हैं
जिनके नीचे
संबंधों के प्रेत भटकते हैं प्रायः
मिट्टी में
अवशेषों की दुर्गंध है
और अक्स में
तारों की राख
समंदर अब डूब चुके जहाज़ों का
मात्र मलबा रह गया है
समंदर के मलबे में मिले शंख को
कान से लगाकर
कुछ लड़कियाँ
लहरों से जन्मा संगीत सुन रही हैं
—कुछ कविता लिख रही हैं।
कविता के शील का
यदि यह मौसम होता,
तो कविता
गाल पर सूखे आँसू के
निशान-सी नहीं
न बुझे हुए जुगनू की रोशनी में
राह देखने की
लालसा-भर होती
कविता गजरों में छिपी सुगंध-सी
अथवा
चूड़ियों के रंग-सी होती
कविता सूर्य-सी
या चंद्रमा-सी होती
शिव की जटाओं में
सूख रही गंगा के सामने
कुछ लड़कियाँ
धूप के पैबंदों में
बादल के टुकड़े बाँधकर
सावन का सृजन कर रही हैं।
—कुछ लड़कियाँ कविता लिख रही हैं।








