समय अधर ने चुप्पी साधी - गीता पंडित

गीता पंडितगीता पंडित15 Sept 1956

4 min read · 12.4K reads

समय अधर ने
चुप्पी साधी
आँख मगर हर बोल रही है

पंक्ति है हर
आम आदमी
चिंता के वस्त्रों को पहने
सुबह शाम तक बिलखाती है
भूख बनी
मंत्रित से गहने

चाल समय की
धमधम करके
अपने को ही खोल रही है
आँख मगर हर बोल रही है

रोटी जिसका
सपना केवल
वह मजदूरी चौंक रही है
कालेधन की डायन आकर
छुरा पीठ में
भोंक रही है

आज व्यवस्था
की लाचारी
शायद ख़ुद में झोल रही है।
आँख हरेक पर बोल रही है।

जान रहा है समय
कि कल वह
बन इतिहास लिखेगा जीवन
कैसे ख़ुद को देखेगा तब
रक्त में डूबा
अपना तन मन

वर्तमान की देह
अभी भी
देखो कैसी खौल रही है।
आँख हरेक पर बोल रही है।
गीता पंडित
About the poet

गीता पंडित

View profile & all 12 Poems / Stories