कौन थकान हरे - गिरिजाकुमार माथुर

गिरिजाकुमार माथुरगिरिजाकुमार माथुर22 Sept 1919

3 min read · 12.4K reads

 कौन थकान हरे जीवन की ।
     बीत गया संगीत प्‍यार का,
     रूठ गई कविता भी मन की ।

वंशी में अब नींद भरी है,
स्‍वर पर पीत साँझ उतरी है
बुझती जाती गूँज आखरी —
इस उदास वन-पथ के ऊपर
पतझर की छाया गहरी है,

     अब सपनों में शेष रह गईं,
     सुधियाँ उस चंदन के वन की ।

रात हुई पंछी घर आए,
पथ के सारे स्‍वर सकुचाए,
म्‍लान दिया बत्‍ती की बेला —
थके प्रवासी की आँखों में
आँसू आ-आ कर कुम्‍हलाए,

     कहीं बहुत ही दूर उनींदी
     झाँझ बज रही है पूजन की
     कौन थकान हरे जीवन की ।
गिरिजाकुमार माथुर
About the poet

गिरिजाकुमार माथुर

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like