पूर्व प्रेमिकाएँ

घनश्याम कुमार देवांशघनश्याम कुमार देवांश2 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

मेरे बाद

वे उन छातियों से भी

लगकर रोई होंगी

जो मेरी नहीं थीं

दूसरे चुंबन भी जगे होंगे

उनके होंठों पर

दूसरे हाथों ने भी जगाया होगा

उनकी हथेलियों को

उनकी लोहे-सी गरम नाक की

नोक ने

और गरदनों को भी दागा होगा

उन्होंने फिर धरी होगी

मछली की देह

किसी और के पानी में

वे किसी और के तपते

जीवन में भी पड़ी होंगी

पहली बारिश की बूँद-सी

उनके सुंदर कुचों ने फिर दी होगी

उठते हिमालय को चुनौती

मुझे नहीं पता

लेकिन चाँद सुलगता रहा होगा

और

समुद्र ने अपने ही

अथाह जल में डूब कर

ज़रूर की होगी

आत्महत्या की कोशिश

जब उन्हें पता चला होगा।

घनश्याम कुमार देवांश
About the poet

घनश्याम कुमार देवांश

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like