एक हरा-भरा पहाड़ी रास्ता
आकर ख़त्म हुआ तुम पर
एक पूरा झरना तुम्हारी देह में घुल गया
इस तरह पहाड़ों, नदियों, वृक्षों,
पक्षियों व बादलों से भरी पृथ्वी
और आकाश के ज़रिए किया तुमसे प्यार
एक ख़ामोश उदास बेंच पर
रची सृष्टि तुम्हारे साथ
बनाया एक जादुई घोड़ा
और आकाश की पत्तियाँ चबाने वाला एक ज़िराफ़
जेब में पाले रहस्यमयी बिल्लियों के बच्चे
और पहाड़ी याक के थनों से छाना
ढेर-सा एकांत
प्रलय भरे प्रेम के साथ।








