डरो

घनश्याम कुमार देवांशघनश्याम कुमार देवांश2 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

लेकिन ईश्वर से नहीं

एक हारे हुए मनुष्य से

सूर्य से नहीं

आकाश की नदी में पड़े मृत चंद्रमा से

भारी व वज्र कठोर शब्दों से नहीं

उनसे जो कोमल हैं और रात के तीसरे पहर

धीमी आवाज़ में गाए जाते हैं

डरो

धार और नोक से नहीं

एक नरम घास के मैदान की विशालता

और हरियाली से

साम्राज्य की विराट ललाट से नहीं

एक वृद्ध की नम निष्कंप आँखों से।

घनश्याम कुमार देवांश
About the poet

घनश्याम कुमार देवांश

View profile & all 44 Poems / Stories