यह अटाला ही अब जिसका ठिकाना है - गणेश पाण्डेय

गणेश पाण्डेयगणेश पाण्डेय13 Sept 1955

10 min read · 12.4K reads

कहाँ हो तुम
उजाले में हो कि किसी अँधेरे में
बोलो अकेले में हो
कि किन्हीं अपनों के बीच
कि यादों के किसी तहख़ाने में
बंदी

किसी छत के नीचे हो
कि खुले आसमान में
पृथ्वी के किस कोने में हो
इस वक़्त
कितनी तेज़ है धूप
और हवा कितनी गर्म

जहाँ भी हो
कैसी हो
किसी घर में हो
सुकून का घर है
कि घर है
कोई खिड़की है घर में
जिसके आसपास हो

जो दिख जाय
यह अटाला कहीं से
तो देख लो
काम भर का है यहाँ भी सब

इस अटाले पर
बस
एक मैं हूं
जो किसी काम का नहीं हूं

चाय की पत्ती है
तो चीनी नहीं है मेरे पास
चीनी है तो माचिस नहीं
माचिस है
तो उसमे अब आग कहाँ
तुम्हारे पास आग है

ऐसे ही बदल जाती हैं चीज़ें
बदलने के लिए ही होती हैं चीज़ें
इस दुनिया को देखो
कितनी बदल गई है

जहाँ होना था चैन का घर
लग गया है वहाँ मुश्किलों का कारख़ाना
रोज़ सुबह
एक थका हुआ आदमी निकलता है घर से
और
शाम को थोड़ा और थका हुआ
लौटता है बाहर से

अब कोई नहीं देखता चाव से
मेरी अधलिखी कविता
किसे फ़ुरसत है कि देखे
क्या पक रहा है
क्या रिस रहा है
मेरे भीतर
किससे कहूँ कि आओ बैठो
घड़ी भर
मेरे इर्द-गिर्द

ज़ंजीर की झंकार सुनो
देह के हर हिस्से से उठती हुई
पुकार सुनो
ये देह और देह का मूल
सब हुआ है थककर चूर

कैसी हो तुम
किस हाल में हो
किसी सितार का कीमती तार हो
ख़ुश हो
कि मेरी तरह हो
साँस है कि टूटती नहीं
और लेना उससे भी कठिन
भला अब कौन आएगा
आख़िरी वक़्त में
इस भीड़ भरे एकांत में
मेरा पुरजा-पुरजा जोड़ने

कैसा आदमी हूँ
बावला नहीं हूँ तो और क्या हूँ
अपने को ख़त्म करते हुए
सोचता हूँ ज़िंदगी के बारे में
अपनी कविता का अन्त जानते हुए --
इस कबाड़ के ढेर पर
एक फेंका हुआ सितार हूँ बस
और
यह अटाला ही अब जिसका ठिकाना है ।
गणेश पाण्डेय
About the poet

गणेश पाण्डेय

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like