जिसे ले जाना हो मुझे आए - गणेश पाण्डेय

गणेश पाण्डेयगणेश पाण्डेय13 Sept 1955

10 min read · 12.4K reads

जीवन में सुख और दुख
और जीवन में हार और जीत
जीवन की चौखट पर
जैसे उजाला और अँधेरा
जीवन में
जैसे कंटीले पथ पर धूप और बदली

प्रेम में
जैसे किसी का मिलना और दूर होना
जैसे समुद्र में विलीन
कोई मछली सहसा उछली
और फिर खो गई

अतल गहराई में कहीं
जैसे ढ़ूँढ़ना रेत में जल
और जल में प्यास की परछाईं
जीवन में जैसे करना
जीवन की खोज

जीवन की बंजर धरती पर
कुछ बेतरतीब चीज़ें और चेहरे
कुछ बेमतलब ठोकरें और मारकाट
कुछ फ़ालतू पत्थर और कबाड़
कुछ विस्मय और टूटी हुई आस
और एक भूला हुआ रास्ता
एक भूली हुई याद
एक भूला हुआ स्वप्न
जैसे किसी
पतंग की उलझी हुई डोर
जैसे किसी बच्चे का
टूटा हुआ खिलौना

यह कैसा जीवन है
जिसमें मैं हूँ और नहीं हूँ
मेरा जीवन मेरा नहीं है
यह किसका जीवन जी रहा हूँ मैं
जीवन की इस भूलभुलैया में
किस मंज़िल पर आ गया हूँ मैं

कुछ भी नहीं दिखता जहाँ से
न ताजमहल जैसा कुछ
जीवन में अविस्मरणीय
न कोई ढंग का ठिकाना
न कोई बहती हुई नदी
न कोई चलती हुई रेल
न कोई उड़ती हुई तितली
न कोई महकता हुआ फूल
चारो तरफ बस धूल ही धूल

यह कैसी धूल भरी आँधी है
जिसमें फँस गया हूँ मैं

मेरी आँखों के सामने
यह कोई सचमुच का अँधेरा है
कि धरती से बोरिया-बिस्तर समेटने का
इशारा
कि किसी दूसरे ग्रह से कोई बुलावा
यह कैसा सन्नाटा है मेरे भीतर
और बाहर कैसा शोर है

कह दो--
मैं नहीं हूँ अपने में
कह दो--
अब यहाँ कोई नहीं रहता
न हवाओं में गंध
न फूलों में रंग और सुगंध

न बालियों में साबुत धान
न जामुन में स्वाद
न आग में ताप
न बर्फ़ में ठंड
न सूर्य में प्रकाश
न जल में तृप्ति
न जीवन में प्राण

कह दो--
यह पृथ्वी
अब प्राणवंचितों की पृथ्वी है
जीवन का पठार है पृथ्वी
भरे-पूरे हाड़-माँस वाले
दुखी
और असहाय पुतलों की पृथ्वी है

पुतलों जैसे इस जीवन का क्या करूँ
क्या करूँ पैरों में बंधी इस पृथ्वी का
कह दो --
जिसे ले जाना हो मुझे
आए
और मेरी बाँहों को थाम ले ।
गणेश पाण्डेय
About the poet

गणेश पाण्डेय

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like