हवा हिलाती - दिविक रमेश

दिविक रमेशदिविक रमेश28 Sept 1946

3 min read · 12.4K reads

हवा हिलाती
हिलते फूल
फूल पै बैठी तितली हिलती
हिलते हिलते पंख हिलाती
जी करता उनको मैं छू लूं
हाथ बढ़ाने पर उड़ जाती
मानो पीछे मुझे बुलाती।

हवा हिलाती
हिलती लहरें
नाव पै बॆठा माझी हिलता
हिल हिल कर पतवार हिलाता
जी करता उस तक मैं जाऊं
पर वह तो मस्ती में गाता
कितनी दूर नाव ले जाता।

हवा हिलाती
मन भी हिलता
पलक पै बॆठा सपना हिलता
हिल हिल कितने रंग दिखाता
जी करता सपना सच कर लूं
पर वह तो हंसता हंसता सा
चुपके से जाकर छिप जाता।
दिविक रमेश
About the poet

दिविक रमेश

View profile & all 162 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like