कल के समाचार - दिनेश श्रीवास्तव

दिनेश श्रीवास्तवदिनेश श्रीवास्तव4 Sept 1952

2 min read · 12.4K reads

कलम उठती नहीं.
मर गए भाव सब.
विष सारा बुझ गया
बार बार उफन कर.
राख के ढेर से
हम रहे धरे.

बदबू भरी हवायें
शाम को फिर आयेंगी.
बिखेर देंगी हमें,
कीचड़ से बजबजाती राहों पर,
सीलन से भरी कोठरियों में.

पथराई, राख सी बुझी आँखें
इस उड़ती राख को
चुटकियों में समेट लेंगी.
पुड़ियों में बाँध
सुबह बर्तन घिस आयेंगी
दिनेश श्रीवास्तव
About the poet

दिनेश श्रीवास्तव

View profile & all 39 Poems / Stories