चिड़े की व्यथा - दिनेश सिंह

दिनेश सिंहदिनेश सिंह14 Sept 1947 – 2 Sept 2012

4 min read · 12.4K reads

नये समय की चिड़िया चहकी
बहकी हवा
बजे मीठे स्वर
सारंगी के तारों जैसी
काँप रही
जज़्बातों की लर

छुप-छुपकर मिलती रहती है
अपने दूजे ख़सम यार से
बचे समय में मुझसे मिलती
गलबाहें दे बड़े प्यार से

उससे लेती छाँह देह की
मुझसे लेती
ढाई आखर

जाने कितने तहखानों में
थोड़ा-थोड़ा मन रखती है
थोड़ा-सा मन साथ में लिए
डाल-डाल के फल चखती है

उड़-उड़कर तोला करती है
एक भाव में
पानी-पाथर

पूर्ण समर्पण के चिंतन में
थोडा स्वत्व बचा लेती है
बदहज़मी वाली बातें भी
पूरी तरह पचा लेती है

हँस-हँस खूब निभा लेती है
चूमाचाटी
खूनाखच्चर
दिनेश सिंह
About the poet

दिनेश सिंह

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like