एकांत-कथा

धूमिलधूमिल

1 min read · 12.4K reads

मेरे पास उत्तेजित होने के लिए

कुछ भी नहीं है

न कोकशास्त्र की किताबें

न युद्ध की बात

न गद्देदार बिस्तर

न टाँगें, न रात

चाँदनी

कुछ भी नहीं

बलात्कार के बाद की आत्मीयता

मुझे शोक से भर गई है

मेरी शालीनता—मेरी ज़रूरत है

जो अक्सर मुझे नंगा कर गई है

जब कभी

जहाँ कहीं जाता हूँ

अचूक उद्दंडता के साथ देहों को

छायाओं की ओर सरकते हुए पाता हूँ

भट्ठियाँ सब जगह हैं

सभी जगह लोग सेंकते हैं शील

उम्र की रपटती ढलानों पर

ठोकते हैं जगह-जगह कील—

कि अनुभव ठहर सकें

अक्सर लोग आपस में बुनते हैं

गहरा तनाव

वह शायद इसलिए कि थोड़ी देर ही सही

मृत्यु से उबर सकें

मेरी दृष्टि जब भी कभी

ज़िंदगी के काले कोनों मे पड़ी है

मैंने वहाँ देखी है—

एक अंधी ढलान

बैलगाड़ियों को पीठ पर लादकर

खड़ी है

(जिनमें व्यक्तित्व के सूखे कंकाल हैं)

वैसे यह सच है—

जब

सड़कों मे होता हूँ

बहसों में होता हूँ;

रह-रह चहकता हूँ

लेकिन हर बार वापस घर लौटकर

कमरे के अपने एकांत में

जूते से निकाले गए पाँव-सा

महकता हूँ।

धूमिल
About the poet

धूमिल

‘अकविता’ आंदोलन के समय उभरे हिंदी के चर्चित कवि। मरणोपरांत साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित। उपनाम : 'धूमिल' मूल नाम : सुदामा पांडेय धूमिल जन्म : 09/11/1936 | वाराणसी, उत्तर प्रदेश निधन : 10/02/1975 | लखनऊ, उत्तर प्रदेश साठोत्तरी कविता में ‘धूमिल’ का उदय…

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like