जब अविश्वास की महामारी फैल जाएगी
तब क्या करेंगे
धर्म-राजनीति और बाज़ार
सबसे छीन रहे विश्वास की पतवार
द्रवित नहीं होता कोई किसी पर
विश्वास के बिना
देह में नहीं होती कोई कोशा
जिससे बनाया जा सके टीका
अविश्वास की महामारी का
सृष्टि के अनंत उपवन में कुसुमित
बहुरंगी जीवन के सु-मनों में
पृथ्वी पर अनादि सुगंध-सा
पुरातन बसाव है विश्वास का
प्रतीति नहीं होती
विश्वास के बिना प्रीति की
कोई कैसे जी सकता है
विश्वास के बिना
सबके साथ जीने के लिए
जीवन के पक्ष में अभी ले आओ
विश्वास-प्रस्ताव पृथ्वी पर
उसे सबकी सहमति से पारित करो
भंग करो विभाजित जीवन की राज्यसभा
अविभाजित जीवन के संग रहो








