दस दरवाज़े हैं इस घर में

ध्रुव शुक्लध्रुव शुक्ल11 Sept 1953

1 min read · 12.4K reads

ख़ुद को हिरासत में लेकर

घर में खोज रहा हूँ बंदीघर

कहाँ करूँ क़ैद ख़ुद को

ताला लगाऊँ किस दरवाज़े पर

दस दरवाज़े हैं इस घर में

कम नहीं हैं झरोखे भी

पता नहीं, कहाँ से निकल जाऊँ

कहाँ से लाऊँ इतने ताले

एक कमरा बंद करने से

बंद नहीं होता पूरा घर

ये घर ऐसा खुला हुआ है

भीतर-बाहर मिला हुआ है

मैंने इसे नहीं माँगा है

घर ऐसा ही मिला हुआ है

भीतर रहकर बाहर जाऊँ

बाहर रहकर भीतर आऊँ

मन को कहाँ बिठाऊँ

इतने खुले हुए इस घर में

बंदीघर कहाँ बनाऊँ

बेहद के इस घर में

कैसे क़ैद रहूँ?

क्या अपने मुँह पर ताला डालूँ,

आँख मूँद लूँ,

किसी बात पर कान न धरूँ,

बैठा-बैठा हाथ मलूँ,

जो होता है, वो होने दूँ?

ध्रुव शुक्ल
About the poet

ध्रुव शुक्ल

View profile & all 35 Poems / Stories