दादा का मुँह - देवीप्रसाद गुप्त कुसुमाकर

देवीप्रसाद गुप्त कुसुमाकरदेवीप्रसाद गुप्त कुसुमाकर

3 min read · 12.3K reads

दादा का मुँह जब चलता है
मुझे हँसी तब आती है,
अम्माँ मेरे कान खींचकर
मुझको डांट पिलाती है!
किंतु हँसी बढ़ती जाती है
मेरे वश की बात नहीं,
चलते देख पोपले मुख को
रुक सकती है हँसी कहीं!
ठुड्डी की वह उछल कूद-सी
और पिचकना गालों का,
और कवायद वह होठों की
नाच मूँछ के बालों का!
मित्र, देखते ही बनता है
बहुत कठिन है समझाना,
तुम्हें देखना हो तो तुम भी
ऐसे समय चले आना।
देवीप्रसाद गुप्त कुसुमाकर
About the poet

देवीप्रसाद गुप्त कुसुमाकर

View profile & all 1 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like