क्या करें इस दिल के अन्दर झाँकता कोई नहीं - देवमणि पांडेय

देवमणि पांडेयदेवमणि पांडेय4 Sept 1958

4 min read · 12.4K reads

क्या करें इस दिल के अन्दर झाँकता कोई नहीं
हमको इक तेरे सिवा पहचानता कोई नहीं

ज़िन्दगी भर साथ देने की क़सम खाते हैं सब
दिल से क्यूँ इक दूसरे को चाहता कोई नहीं

मुस्करा के तुम तो रुख़सत हो गए हमसे मगर
दिल पे क्या गुज़री हमारे जानता कोई नहीं

दरमियां जो फ़ासला था वो तो बाक़ी है अभी
ज़िन्दगी क्या तुझसे मेरा वास्ता कोई नहीं

इक मकां में जिस्म दोनों साथ रहते हैं मगर
मुद्दतों से दिल जुदा हैं राब्ता कोई नहीं

शोहरतों ने उस बुलन्दी पर हमें पहुँचा दिया
अब जहाँ से लौटने का रास्ता कोई नहीं

उसने पूछा था अदा से हम-सा देखा है कोई
हमने उससे कह दिया बेसाख़्ता कोई नहीं

मन्दिरों में, मस्जिदों में, ढूँढ़ते फिरते हैं लोग
वो छुपा बैठा है दिल में ढूँढ़ता कोई नहीं
देवमणि पांडेय
About the poet

देवमणि पांडेय

View profile & all 68 Poems / Stories