डूब चुके कितने अफ़साने - देवमणि पांडेय

देवमणि पांडेयदेवमणि पांडेय4 Sept 1958

3 min read · 12.4K reads

दिल ने चाहा बहुत पर मिला कुछ नहीं
ज़िन्दगी हसरतों के सिवा कुछ नहीं
 
उसने रुसवा सरेआम मुझको किया
उसके बारे में मैंने कहा कुछ नहीं
 
इश्क़ ने हमको सौग़ात में क्या दिया
ज़ख़्म ऐसे कि जिनकी दवा कुछ नहीं
 
पढ़के देखीं किताबें मोहब्बत की सब
आँसुओं के अलावा लिखा कुछ नहीं
 
हर ख़ुशी मिल भी जाए तो क्या फ़ायदा
ग़म अगर न मिले तो मज़ा कुछ नहीं
 
ज़िन्दगी ये बता तुझसे कैसे मिलें
जीने वालों को तेरा पता कुछ नहीं
देवमणि पांडेय
About the poet

देवमणि पांडेय

View profile & all 68 Poems / Stories