ऐसा कब सोचा था मैंने मौसम भी छल जाएगा - देवमणि पांडेय

देवमणि पांडेयदेवमणि पांडेय4 Sept 1958

3 min read · 12.4K reads

ऐसा कब सोचा था मैंने मौसम भी छल जाएगा
सावन-भादों की बारिश में घर मेरा जल जाएगा

अक्सर बातें करता था जो दुनिया में तब्दीली की
किसे ख़बर थी ख़ुद दुनिया के रंग में वो ढल जाएगा

रंजोग़म की लम्बी रातों इतना मत इतराओ तुम
निकलेगा कल सुख का सूरज अंधियारा टल जाएगा

नफ़रत की पागल चिंगारी कितनों के घर फूँक चुकी
अगर न बरसा प्यार का बादल ये जहान जल जाएगा

चार दिनों की इस नगरी में रैन-बसेरा है सबका
आज किसी ने बाँध ली गठरी और कोई कल जाएगा
देवमणि पांडेय
About the poet

देवमणि पांडेय

View profile & all 68 Poems / Stories