कामकाजी स्त्रियाँ व्यस्त है अपने काम में
खिड़की से झाँकती हुई शाम
कर रही है इंतज़ार
उनके घर वापस लौटने का
दिनभर का थका माँदा दिन
अभी-अभी घुसा है घर में
चूल्हें पर चढ़ाई है उसने दो कप चाय
उटती हुई चाय की ख़ुशबु
कर रही है घर की दहलीज़ पार
घड़ी की सुईयाँ नाप रहीं है
दफ़्तर से घर तक की दूरी।
सुबह से अकेले रहे आए बिस्तर
उबासी लेने लगे है।
शृंगारदान से उठती हुई जब एक ख़ुशबु
स्त्रियों की ऊँगलियों के कोरों को छूती हैं।
तो काग़ज़ों का भी कलेजा
थरथराने लगता है।
स्त्रियों का मन, कोरे काग़ज़-सा
कब से संभाले हुए है ख़ुद को।








