एयरपोर्ट

चित्रा सिंहचित्रा सिंह

1 min read · 12.4K reads

एयरपोर्ट के महिला प्रसाधन कक्ष के

सारे आईने सिंगार में व्यस्त है।

कोई अपनी आँखों में काजल काढ़ रहा है।

तो कोई होठों पर रंग की पर्ते चढ़ा रहा है।

कोई अपनी मचलती जुल्फ़ों को

कहीं भी उलझने से रोक रहा है।

कि तभी मेरा आईना सवाल कर बैठा

हम किसके लिए इतना सज रहे हैं?

बगल के एक पक्के रंग वाले आईने कि

आत्मविश्वास भरी आँखों से आवाज़ आई

ख़ुद के लिए!

और किसके लिए।

बाकी सारे आईनों ने भी सहमति में

ज़ोर से अपनी पलकें झपकाई।

और सबके सब धड़ल्ले से

दरवाज़े को धकेलते हुए

सीट बेल्ट को कस के बाँध

अपनी कुर्सी की पीठ सीधी कर

लंबी उड़ान भरने के लिए निकल गए।

चित्रा सिंह
About the poet

चित्रा सिंह

View profile & all 29 Poems / Stories