संबन्धों की परिभाषा - चिराग़ जैन

चिराग़ जैनचिराग़ जैन27 Sept 1985

4 min read · 12.4K reads


लोग बांधना चाहते हैं सम्बन्धों को परिभाषा में
कैसे व्यक्त करूँ मैं मन की अनुभूति को भाषा में

क्या बतलाऊँ मीरा संग मुरारी का क्या नाता है
शबरी के आंगन से अवध बिहारी का क्या नाता है
क्यों धरती के तपने पर अम्बर बादल बन झरता है
क्यों दीपक का तेल स्वयं बाती के बदले जरता है
क्यों प्यासा रहता चातक पावस-जल की अभिलाषा में
कैसे व्यक्त करूँ मैं मन की अनुभूति को भाषा में

क्या ये थोथे शब्द सुमन की गन्ध बयाँ कर सकते हैं
क्या वीणा और सरगम का अनुबन्ध बयाँ कर सकते हैं
क्यों बौछारों से पहले मौसम पर धुरवा छाती है
क्यों कोयल का स्वर सुन आमों में मिसरी घुल जाती है
कल-कल-कल-कल बहती सरिता किस पावन जिज्ञासा में
कैसे व्यक्त करूँ मैं मन की अनुभूति को भाषा में
चिराग़ जैन
About the poet

चिराग़ जैन

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like