आज पिताजी लड़कर निकले - चिराग़ जैन

चिराग़ जैनचिराग़ जैन27 Sept 1985

4 min read · 12.4K reads

आज पिताजी लड़कर निकले
दिन भर घर में मौन समाए
दीवारों पर क्या बीती है
छत को जाकर कौन बताए।

माँ से कुछ नाराज़ी होगी
उनको सूझी चिल्लाने की
मुझे देखकर कोशिश भी की
उनने थोड़ा मुस्काने की
होंठ हिले, त्यौरी भी पिघली
आँखों में आंसू भर आए
झट से चले गए फिर बाहर
गुस्से में हर कष्ट छुपाए।

कहासुनी सुन रहे सभी पर
कहाँ सुनी उनने हम सबकी
सहम गए सब फूल अचानक
मौसम में ज्वाला सी भभकी
माँ पहले रूठी फिर रोई
गुस्से में रोटी भी पोई
टिफिन छोड़ कर निकल गए पर
घर से बिन बोले, बिन खाए।

धीरे धीरे ठंडा होगा
संबंधों का तापमान भी
रोज़ाना की भागदौड़ में
विस्मृत होगा यह विधान भी
ऐसा ना हो इस घटना की
बचपन को आदत पड़ जाए
ऐसा ना हो ऐसी घटना
बचपन के मन पर छप जाए।
चिराग़ जैन
About the poet

चिराग़ जैन

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like