देह के मस्तूल - चंद्रसेन विराट

चंद्रसेन विराटचंद्रसेन विराट3 Sept 1936 – 15 Sept 2018

2 min read · 12.4K reads

अंजुरी-जल में प्रणय की
अर्चना के फूल डूबे ।

ये अमलतासी अँधेरे,
और कचनारी उजेरे,
आयु के ऋतुरंग में सब
चाह के अनुकूल डूबे ।

स्पर्श ने संवाद बोले,
रक्त में तूफ़ान घोले,
कामना के ज्वार-जल में
देह के मस्तूल डूबे ।

भावना से बुद्धि मोहित-
हो गई प्रज्ञा तिरोहित,
चेतना के तरु-शिखर डूबे,
सुसंयम-मूल डूबे ।
चंद्रसेन विराट
About the poet

चंद्रसेन विराट

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like