हम ठिठुर रहे हैं
क्योंकि नहीं ओढ़ पाएँगे पैसा
गर्मी में काली चमड़ी ओढ़ रहे हैं
कि नहीं है पैसों की छत
ऐसा ही किया था मनु ने
हमारे पुरखों के साथ
कि हाथ कुदाल लिए
बीनते थे पकुआ के फल
उनके पास भी नहीं था पैसा
कि खा सकते उसे,
और मैं
उनको अर्घ्य देने वाला
भयभीत हूँ पैसे से,
अपने गाँव की सड़क पर
रिक्शा चलाती हुई
फूली जंघाओं की नस
और दंतहीन मुख में झाँकता
मेरा महानगरीय दंभ
हूक-सी उठती है
बिना किसी श्रोता के,
मैं दुःस्वप्न से गुज़रते
पागल की तरह
चिंघाड़ना चाहता हूँ
कि कोई हमें बचा ले
लेकिन पैसे की माया
मुझे बाँधे है
और मैं
प्रेम के अर्थशास्त्र को
समझकर ही गूँगा हूँ।








