वक़्त मिले तो - बुद्धिनाथ मिश्र

बुद्धिनाथ मिश्रबुद्धिनाथ मिश्र1 Sept 1949

4 min read · 12.4K reads

वक़्त मिले तो ख़ूब लगाना
सुरमा आँखों में
पहले नाड़ा ठीक करो
खुलते पाजामे का

कितना था उत्साह
कि तुम जब रथ पर आओगे
सूरज जैसे अग-जग को
रोशन कर जाओगे
जैसे जैसे कलई खुलती
जाती है फन की
घटता जाता है लोगो में
शौक डरामे का

उन सबने तो मिलकर बस
जागीरें ही बाँटीं
तुमने पढ़कर मन्त्र
जेब से गर्दन तक काटी
वादा था, काला धन
जन के नाम जमा होगा
खोल दिया घर-घर में
तुमने खाता नामे का

सुबह-सुबह ही पाँव
लगे उठने बहके-बहके
राजधर्म के घर में
वेश्या राजनीति चहके
सोचा तुमने, क्या होंगे
वे साँचे सपनीले
लोकतन्त्र ख़ुद शक़्ल ले रहा
जब हंगामे का

(2018)
बुद्धिनाथ मिश्र
About the poet

बुद्धिनाथ मिश्र

View profile & all 56 Poems / Stories