सावन की गंगा - बुद्धिनाथ मिश्र

बुद्धिनाथ मिश्रबुद्धिनाथ मिश्र1 Sept 1949

4 min read · 12.4K reads

सावन की गंगा जैसी
गदराई तेरी देह ।
बिन बरसे न रहेंगे अब
ये काले-काले मेघ ।

मन की नाव बहक जाती
अक्सर जाने किस ओर
पाल बनी जब से तेरी
कोरे आँचल की कोर ।

पग-पग पर टोकता
उभरते भँवरों का सन्देह ।
बिन बरसे न रहेंगे अब
ये काले-काले मेघ ।

बड़े-बड़े चेतन मधुकर भी
कर बैठेंगे भूल
अधर बिखेरेंगे तेरे
जब पारिजात के फूल ।

थाले में परिचय के
पनपा है नन्हा-सा नेह ।
बिन बरसे न रहेंगे अब
ये काले-काले मेघ ।

सुलगे क्यों न छुअन की
पीड़ा में पल्लव का अंक
काँटों-से भी जहरीले होते
फूलों के डंक ।

तपती रेत डगर की
जलकर मन्मथ हुआ विदेह ।
बिन बरसे न रहेंगे अब
ये काले-काले मेघ ।
बुद्धिनाथ मिश्र
About the poet

बुद्धिनाथ मिश्र

View profile & all 56 Poems / Stories