मैं कोई उपदेशक तो हूँ नहीं - बोधिसत्व

बोधिसत्वबोधिसत्व11 Sept 1968

6 min read · 12.4K reads

देखो कितना पानी बरस रहा है
सूखा है पूरी तरह आसमान
सूखे आसमान पर वह अन्धेरे की तरह छा जाना चाहता है

मुझे काला रंग पसन्द है
अगर वह मन में न हो
मुझे उजला रंग पसन्द है
अगर वह सिर्फ़ कपड़ों और दीवारों तक ही न चढ़ा हो ।

क्या मेरी कविता मुझे बचाएगी
क्या तुम मुझे छोड़ कर चली जाओगी
तुम्हारे साथ इतना दूर चला आया हूँ
और इतने रास्ते पार कर चुका हूँ कि अब तो सही रास्ता भी नहीं पकड़ पाऊँगा ।

ज़रूरी नहीं कि घर लौटूँ,
ज़रूरी नहीं कि कहीं पहुँच ही जाऊँ
ज़रूरी नहीं कि चोट पड़ने पर भी शान्त बना रहूँ
जब पीटे जाने पर बोल उठती है ढोल तो मैं तो अभी थोड़ा-बहुत जीवित हूँ ।

सुनो सब कुछ स्वीकार करना
किंतु हिंसक मित्रता कभी न करना स्वीकार
एक शव दे सकता है साथ किन्तु

मैं उपदेशक नहीं
किन्तु कहता हूँ
खोट कपट से अर्जित सुख क्या सदा रहेगा
छीन-झपट से निर्मित सुख क्या सदा रहेगा ।

देखो रात सघन है आई
देखो वह रात के अन्धेरे की तरह सर्वत्र विराजने के लिए
औंधे मुख फोड़े की तरह संचित कर रहा है मवाद
और इससे अधिक मैं क्या कहूँ
मैं कोई उपदेशक तो हूँ नहीं ।
बोधिसत्व
About the poet

बोधिसत्व

View profile & all 88 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like