पिछले कई बरस से
भाई के पास कोई काम नहीं है।
असल में पिछले कई साल से भाई को
पल भर का आराम नहीं है।
भाई फिरता यहाँ-वहाँ, जैसे-तैसे
काटता समय,
भाई का कोई घर-धाम नहीं है।
मगनी का सुख नहीं सुहाता भाई को
फिर भाई के जीवन का कोई दाम नहीं है।
पहले भाई ऐसा था, वैसा था, सब कुछ था,
अब भाई का कोई नाम नहीं है।
तन का कपड़ा क्या, जूता चप्पल क्या
जो तन पर है वह उसका चाम नहीं है।
झुका माथा, गिरी आँखें, थकी बोली,
भाई का अब कैसा भी, कोई ‘संग्राम’ नहीं है।








