जैसे याद आ जाता है - भवानीप्रसाद मिश्र

भवानीप्रसाद मिश्रभवानीप्रसाद मिश्र29 Sept 1913 – 20 Sept 1985

3 min read · 12.4K reads

जैसे याद आ जाता है चेहरा किसी का
सामने पड़ जाने पर
और नाम उसका याद नहीं आता

या जैसे एकाध- बार
जाने – पहचाने से लगते हैं वे
जिनसे कभी नहीं मिले

पाने और खोने के
कोने ही कोने वैसे आज गड़ते हैं
कभी आँख में कभी मन में
कभी पीठ पर

हाथ कुछ नहीं लगता
न नाम न रूप
अस्तित्व का आँगन
कृतज्ञता की धूप से भरा है
और तिस पर भी
सूना है विस्तार
देहरी से ठाकुरद्वारे तक का

पाने और खोने के
कोने ही कोने गड़ते हैं
पीठ में
मन में दीठ में
भवानीप्रसाद मिश्र
About the poet

भवानीप्रसाद मिश्र

View profile & all 173 Poems / Stories